Home Uncategorized बड़ी ख़बर : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक,...

बड़ी ख़बर : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक, कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

125
0

बलदेव सिंह, संवाददाता, उदय प्रभात

रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में बैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा। कलेक्ट्रेट में प्रातः 9:30 बजे जिलाधिकारी स्वयं ध्वजारोहण करेंगे, जबकि पुलिस लाइन में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा और पौधारोपण भी किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त की शाम को सभी कार्यालय भवनों को प्रकाशमान किया जाए। साथ ही, कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, निबंध लेखन, गायन प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान पर विशेष चर्चा होगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम और नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, पार्कों की देखरेख और महापुरुषों की प्रतिमाओं को रंग-रोगन करेंगे।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत तिरंगा यात्रा, तिरंगा संगीत, देशभक्ति गीत, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान और “एक पेड़ मां के नाम” पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। साथ ही, सभी कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो और सेल्फी “हर घर तिरंगा” वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी एसएम डोभाल, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here