देवस्थान की भूमि पर अतिक्रमण, तहसीलदार ने की कार्यवाही – नोटिस वितरण में भेदभाव से ग्रामीणों में आक्रोश
जसपुर (उधम सिंह नगर)।
जसपुर क्षेत्र के ग्राम वीरपुरी में देवस्थान की करीब 4.30 बीघा भूमि पर अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ चुका है। ग्रामीणों की शिकायत और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के बाद तहसील प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार जसपुर अपनी टीम और गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे तथा अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रचार-प्रसार किया।
सूत्रों के अनुसार, करीब 10 व्यक्तियों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए गए हैं। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने चुनिंदा लोगों को ही नोटिस थमाए, जबकि कई ऐसे लोग जिनके पक्के मकान देवस्थान की भूमि पर बने हुए हैं, उन्हें नोटिस से बाहर रखा गया है।
गांव में चर्चा है कि कुछ सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण सभी पर समान कार्यवाही नहीं हो रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है और मांग की कि सभी अतिक्रमणकारियों पर एक समान कार्रवाई की जाए।
ग्रामवासियों का कहना है कि अभी भी आधा दर्जन से अधिक लोग ऐसे हैं जिन्हें नोटिस नहीं दिए गए हैं। अब देखना यह होगा कि तहसील प्रशासन इस अतिक्रमण को हटाने में कितना सफल होता है या फिर यह मामला भी पूर्व की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।









