Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज़ : ननकाना साहिब गुरुद्वारे में CM धामी ने टेका मत्था,...

ब्रेकिंग न्यूज़ : ननकाना साहिब गुरुद्वारे में CM धामी ने टेका मत्था, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस की नगर कीर्तन यात्रा का किया स्वागत

83
0

ननकाना साहिब गुरुद्वारे में CM धामी ने टेका मत्था, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस की नगर कीर्तन यात्रा का किया स्वागत

भ्रष्टाचार का तहलका: संवाददाता
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को काशीपुर स्थित ननकाना साहिब बड़ा गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के चरणों में शत-शत नमन किया और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर द्वारा आयोजित नगर कीर्तन यात्रा में पहुँची संगत का देवभूमि उत्तराखंड की ओर से स्वागत किया।

सीएम धामी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान भारत की संस्कृति और धर्म की रक्षा का अमर उदाहरण है। “हिन्द दी चादर” कहे जाने वाले गुरु साहिब ने न केवल कश्मीरी पंडितों के अधिकारों की रक्षा की बल्कि पूरे भारत को आत्मसम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह नगर कीर्तन यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, एकता और भाईचारे का प्रतीक है, जो असम से शुरू होकर 2500 किमी की दूरी तय कर श्री आनंदपुर साहिब में पूर्ण होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और सिख समाज की मांगों को भी पूरा किया गया है। चाहे करतारपुर कॉरिडोर हो, हरमंदिर साहिब को FCRA पंजीकरण देना हो या वीर बाल दिवस घोषित करना हो—मोदी सरकार ने हमेशा सिख समाज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में गोविंद घाट से हेमकुंड साहिब तक 12.5 किमी लंबे रोपवे का निर्माण किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु मात्र 45 मिनट में यात्रा पूरी कर सकेंगे। साथ ही प्रदेश में विभाजन विभिषिका स्मृति स्थल भी बनाया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण विरोधी, दंगा विरोधी और लैंड जिहाद पर सख्त कानून लागू किए गए हैं। अब तक 9 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, 250 अवैध मदरसों को सील किया गया और 500 से अधिक अवैध संरचनाएं हटाई गईं। हाल ही में मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण गठित करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी का 350वां बलिदान दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को हमारे गुरुओं के आदर्शों और बलिदान से परिचित कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एएसपी निहारिका तोमर सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here