बलदेव सिंह: भ्रष्टाचार का तहलका न्यूज़ किच्छा विधानसभा क्षेत्र के सतुईया आरटीओ चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग की एक अनोखी और सराहनीय पहल देखने को मिली। परिवहन अधिकारी आशुतोष डिमरी के नेतृत्व में जहां यातायात सुरक्षा को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, वहीं दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सवारी वाहनों पर आवश्यक स्लोगन भी लिखवाए गए।
अधिक जानकारी के लिए इस वीडियो को जरूर देखें
पशुओं की सुरक्षा को समर्पित अनूठी मुहिम
परिवहन विभाग ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक संवेदनशील कदम भी उठाया। चेकिंग के साथ-साथ अधिकारियों द्वारा ऑटो के पीछे “पशुओं पर दया करो” जैसे प्रेरक स्लोगन लिखवाए गए, जिससे बेज़ुबान पशुओं की सुरक्षा को लेकर आमजन का ध्यान आकर्षित किया जा सके।
अक्सर देखा जाता है कि तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे घूम रहे मवेशियों को कुचल देते हैं। इस चिंता को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ टीम ने खुद मौके पर खड़े होकर यह संदेश वाहनों पर लिखवाए, ताकि सड़क हादसों को कम किया जा सके और लोगों में पशु प्रेम की भावना को बढ़ावा दिया जा सके।
जनता कर रही पहल की सराहना
इस नई शुरुआत को स्थानीय लोगों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। लोग मानते हैं कि यह अभियान न केवल सड़क सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में पशुओं के प्रति दया और संवेदना भी बढ़ाएगा।
चैकिंग अभियान में शामिल टीम
इस दौरान परिवहन अधिकारी आशुतोष डिमरी के साथ, रमेश सुनेजा, परिवहन उपनिरीक्षक मनोज भंडारी, राजीव तिवारी, भुवनेश, रिफा बी और नंदराम मौजूद रहे।









