बलदेव सिंह, भ्रष्टाचार का तहलका।
सितारगंज। प्रदेश सरकार की जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बुधवार को सितारगंज ब्लॉक की न्याय पंचायत सिसौना के ग्राम बैकुंठपुर स्थित कृष्णा मंदिर प्रांगण में एक भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला तथा ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ मिला। शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने किया। उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम
सरकार की प्राथमिकता है और इसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों व समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिया जाए। शिविर में कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों व कर्मचारियों ने मौके पर ही आवेदन पंजीकृत किए और अनेक पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, औषधि वितरण के साथ-साथ एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस बहुउद्देशीय शिविर में लगभग 850 लोगों ने सहभागिता की, जिनमें से 597 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 437 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं में 70 लाभार्थी, जिनमें 18 विधवा पेंशन शामिल हैं, को लाभ दिया गया। गन्ना विभाग द्वारा 15, आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग द्वारा 46, आधार अपडेट एवं नए कार्ड 49, यूसीसी में 12 पंजीकरण, 17 आयुष्मान कार्ड, 4 परिवार रजिस्टर नकल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण/परिवार रजिस्टर प्रमाण पत्र 14 तथा 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग द्वारा 13 श्रम कार्ड, जननी सुरक्षा योजना में 31, कन्या विवाह सहायता योजना में 3 तथा मुख्यमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत 3 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। शिविर में ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री मयंक अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष मुकेश सनवाल, गोविंद तालुकदार, तहसीलदार हिमांशु जोशी, नोडल अधिकारी/समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, खंड विकास अधिकारी सी.आर. आर्या, सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल, ईडीएम जादवेद पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो जाता है।









