उत्तराखंड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 33 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
देहरादून : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ANTF और डोईवाला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली डोईवाला क्षेत्र से 104 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 33 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह स्मैक जनपद बरेली उत्तर प्रदेश से लाकर देहरादून में स्थानीय युवाओं को छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचते थे। वे इस अवैध कारोबार में काफी समय से सक्रिय हैं। अब एसटीएफ आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर इनके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही इन तस्करों के हैंडलर और स्थानीय पैडलरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की योजना बना रही है।








