Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज़ : महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल— सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन...

ब्रेकिंग न्यूज़ : महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल— सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में उमड़ी सशक्त बहनों की भीड़

48
0

भ्रष्टाचार का तहलका न्यूज़ नेटवर्क।

बनबसा। एनएचपीसी सभागार, बनबसा में आयोजित एक विशेष संवाद एवं जेंडर संवेदीकरण कार्यक्रम में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी ने सीएलएफ (Cluster Level Federation) की महिलाओं से आत्मीय मुलाकात कर उनके कार्य, चुनौतियों और उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में 26 ग्राम संगठनों से जुड़े 126 स्वयं सहायता समूहों की 1200 से अधिक महिलाएँ शामिल हुईं, जो ग्रामोत्थान परियोजना एवं एनआरएलएम चम्पावत के साथ विभिन्न आजीविका गतिविधियों में सक्रिय हैं।

महिलाएँ घूंघट से निकलकर आत्मनिर्भरता की ओर— श्रीमती धामी

श्रीमती धामी ने कहा कि सीएलएफ की महिलाएँ केवल समूह की सदस्य नहीं, बल्कि परिवर्तन की वाहक हैं। “समूह से शक्ति मिलती है और यही शक्ति समाज को नई दिशा देती है। आज महिलाएँ घूंघट से बाहर निकलकर आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रही हैं और अपनी पारम्परिक धरोहर को सहेजते हुए अपने उत्पादों की मांग देश-विदेश तक पहुँचा रही हैं,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं— सरिता देवी (नमकीन निर्माण), शांति देवी (डेयरी उत्पाद), पूजा (ब्यूटी पार्लर), कंचन (बैंक सखी) आदि से संवाद कर उनकी जीवन-यात्रा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक पहचान के अनुभवों को सुना। महिलाओं ने बताया कि समूहों ने उन्हें आर्थिक स्थिरता, आत्मविश्वास और एक नई पहचान दी है।

महिला–प्रधान विकास की ओर बढ़ता भारत

श्रीमती धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है, और इस यात्रा में महिलाओं की भूमिका निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि देश आज पुरुष-प्रधान व्यवस्था से महिला-प्रधान विकास की ओर बढ़ रहा है, और इस परिवर्तन की धुरी स्वयं महिलाएँ बन रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इस पहल ने महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भरने का काम किया है। श्रीमती धामी ने आश्वासन दिया कि सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन चम्पावत के सभी मंडलों में महिलाओं के लिए समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा। फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य शिविर, कौशल-विकास कार्यक्रम, नशामुक्ति अभियान और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियाँ और अधिक प्रभाव के साथ आगे भी संचालित की जाएँगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं को सम्मानस्वरूप उपहार भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, हेमा जोशी, रेखा देवी, ऋतू रंजन आर्या, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, एपीडी विम्मी जोशी, मास्टर ट्रेनर नीलू चन्द, कार्यक्रम संचालक राधा चन्द सहित विभिन्न समूहों की महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here