गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजे देशभक्ति के सूर
रूद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मंगलवार को जनपद में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने महापुरुषों के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर “रघुपति राघव राजा राम…” की मधुर धुनों से पूरा परिसर गांधीमय हो उठा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि महात्मा गांधी जी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अनेकता में एकता की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक कुरीतियों को धैर्य और सरलता से समाप्त करने का मार्ग दिखाया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि हम सबको अपनी कथनी और करनी में एकरूपता लाकर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।
कौस्तुभ मिश्र ने देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि “जय जवान, जय किसान” का उनका नारा देश की विकास यात्रा की आधारशिला है। जब देश का युवा आगे बढ़ेगा और किसान खुशहाल होंगे, तभी भारत नई ऊँचाइयों को छू सकेगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, शिक्षा व खेलों में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि हमें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा। टीम भावना से किया गया हर कार्य सफलता दिलाता है, इसलिए सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटौला, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या, देव प्रकाश चक्रवर्ती सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।









