10 से अधिक अवैध स्पा सेंटरों पर छापेमारी, ताले लगे, चालान
रुद्रपुर। जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में एंटी ह्यूमन ट्रैकिंग यूनिट (AHTU) ऊधमसिंहनगर द्वारा पंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित 10 से अधिक अवैध स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों में नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस टीम ने मौके पर ही कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित स्पा सेंटरों पर ताले जड़ दिए। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध एकमुश्त चालान की कार्रवाई भी की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से अवैध रूप से संचालित इन स्पा सेंटरों को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच में पाया गया कि कई स्पा सेंटर बिना वैध पंजीकरण, आवश्यक अनुमति और तय मानकों के विपरीत संचालित किए जा रहे थे, जो कानून व्यवस्था एवं सामाजिक मर्यादाओं के लिए गंभीर चुनौती बने हुए थे। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाए जाएंगे। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सख्त और जरूरी कदम बताया है।









