भ्रष्टाचार का तहलका: न्यूज़ नेटवर्क
रूद्रपुर। जिला सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में 08 अक्टूबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि अभियान में कोई भी बच्चा दवा खाने से वंचित न रह जाए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, मदरसों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली शत-प्रतिशत खिलाई जाए। स्कूल न जाने वाले बच्चों, श्रमिकों के बच्चों और घुमंतू परिवारों के बच्चों को भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से दवा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को 08 अक्टूबर को दवा नहीं मिल पाएगी, उन्हें 15 अक्टूबर को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को समय पर सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षकों और कार्यकत्रियों को दवा खिलाने की प्रक्रिया पंपलेट और वीडियो क्लिप के माध्यम से समझाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने बताया कि जनपद में 1 से 19 वर्ष तक के कुल 6,04,459 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 2288 विद्यालयों और 2388 आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा वितरण किया जाएगा।
1–2 वर्ष के बच्चों को आधी टैबलेट चम्मच में घोलकर,
2–3 वर्ष के बच्चों को पूरी टैबलेट पानी में घोलकर,
और 3–19 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खिलाई जाएगी।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि आंतों में कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण, खून की कमी और कार्य क्षमता में कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, इसलिए समय पर दवा देना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. सिन्हा, एसीएमओ डॉ. हरेन्द्र मलिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल अग्रवाल, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी नंदनी तोमर, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारी एन.एस. धारीवाल, रामप्रकाश गुप्ता, सत्य प्रकाश चौहान, डीपीओ मो. आमिर खॉ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 08 अक्टूबर को अपने बच्चों को स्कूल/आंगनबाड़ी केंद्र अवश्य भेजें ताकि सभी को समय पर दवा दी जा सके और कृमि संक्रमण से बचाव हो सके।
अपने शहर की खबरें एवं विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें : 9761545666
👉 Follow the Bhrashtachar Ka Tehalka News Channel channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaFROXM545upY4z4Bo0E









