Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज़ : विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में...

ब्रेकिंग न्यूज़ : विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड की अहम भूमिका – धामी

81
0

मुख्यमंत्री धामी का काशीपुर में प्रबुद्धजनों से संवाद

विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड की अहम भूमिका – धामी

भ्रष्टाचार का संवाददाता, काशीपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम में भाग लेते हुए राज्य के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। कार्यक्रम में शहर के डॉक्टर्स, इंजीनियर, शिक्षाविद, अधिवक्ता, उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” की नीति के साथ नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और डिजिटल इंडिया ने आम नागरिक को तकनीकी रूप से सशक्त किया है। धामी ने बताया कि भारत की जीडीपी 7.8% की दर से बढ़ रही है, जो देश को दुनिया की सबसे तेज़ी से उभरती अर्थव्यवस्था बनाता है।

श्री धामी ने कहा कि “समान नागरिक संहिता” लागू करने से लेकर नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर सख्ती और “लैंड जिहाद” के खिलाफ कार्रवाई जैसे निर्णय राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों का उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।

औद्योगिक विकास की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को “इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली स्टेट” बनाने की दिशा में सरकार ने अब तक 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए हैं, जिनमें से लगभग 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। काशीपुर में अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर और पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क जैसे प्रोजेक्ट राज्य को औद्योगिक हब बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने के लिए “एक जनपद, दो उत्पाद”, “हाउस ऑफ हिमालयाज”, स्टेट मिलेट मिशन, नई पर्यटन और फिल्म नीति जैसी योजनाओं को गति दी जा रही है। धामी ने कहा कि गर्व की बात है कि नीति आयोग ने सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे “स्वदेशी अपनाओ – देश को मजबूत बनाओ” के मंत्र को आत्मसात करें और हर संभव स्तर पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, जिलाध्यक्ष भाजपा मनोज पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here