Home Uncategorized मकर संक्रांति पर खटीमा को विकास की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने ₹33.36...

मकर संक्रांति पर खटीमा को विकास की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने ₹33.36 करोड़ के 9 विकास कार्यों का किया लोकार्पण व शिलान्यास

55
0

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को खटीमा में 33 करोड़ 36 लाख 49 हजार रुपये की लागत से तैयार 9 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 11 करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित हाईटेक महाराणा प्रताप बस स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने नगर पालिका खटीमा के वार्ड संख्या 7 व 8 में 48.45 लाख रुपये की लागत से बने पेयजल नलकूप, ओवरहेड टैंक व पाइपलाइन कार्यों, नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में 490.21 लाख रुपये से निर्मित राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक आवासीय भवनों तथा 359.91 लाख रुपये की लागत से उपनिरीक्षकों के कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा ग्राम मझोला में झील से पॉलिगंज की ओर 225.62 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र में 499.65 लाख रुपये की लागत से 300 हैंडपंप स्थापना, 29.65 लाख रुपये से नवनिर्मित बस अड्डे में महाराणा प्रताप द्वार निर्माण, 24.50 लाख रुपये से हाईटेक शौचालय निर्माण तथा 95 लाख रुपये की लागत से थारू इंटर कॉलेज खटीमा के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नानकमत्ता स्थित बालाजी मंदिर व ब्रह्मदेव मंदिर (लोहिया पुल) के सौंदर्यीकरण व पुनर्निर्माण, देवभूमि धर्मशाला में कक्ष व हॉल निर्माण तथा सोनूखरी–किशनपुर–बरकीडांडी–कैथुला–टुकड़ी मार्ग के हॉटमिक्स सड़क निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मकर संक्रांति व घुघुतिया पर्व के अवसर पर खटीमा में हाईटेक बस स्टैंड का उद्घाटन उनके लिए विशेष क्षण है। उन्होंने कहा कि खटीमा से विधायक रहते हुए उन्होंने इस बस स्टैंड की परिकल्पना की थी और आज प्रदेश के मुख्यसेवक के रूप में इसका शुभारंभ करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जनजाति गौरव दिवस पर बस स्टैंड का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखने की घोषणा की गई थी, जिस पर आज महाराणा प्रताप द्वार का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बस स्टेशन क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित सभी क्षेत्रों में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने गदरपुर–खटीमा बाईपास, नौसर पुल, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर खेल स्टेडियम, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड अस्पताल, सिडकुल स्थापना, सैन्य स्मारक, पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जमरानी बांध परियोजना, एम्स सैटेलाइट सेंटर और खुरपिया इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि खटीमा के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अवैध अतिक्रमण, नकल माफिया, दंगों की राजनीति और अवैध मदरसों पर सख्त कार्रवाई की है तथा समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। कार्यक्रम को सांसद अजय भट्ट और पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने भी संबोधित किया। उन्होंने नवनिर्मित हाईटेक बस अड्डे को मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी और बस अड्डे का नाम महाराणा प्रताप रखने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष रामेश चंद्र जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here