कांग्रेसजनों ने मनाया राजीव गांधी का जन्मदिवस, याद किए उनके सपनों और योगदान
देहरादून। आधुनिक भारत के निर्माता, भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर आज कांग्रेसजनों ने तहसील प्रांगण स्थित राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी को पंचायतीराज व्यवस्था के सशक्तिकरण, युवाओं को सशक्त बनाने और सूचना प्रौद्योगिकी व दूरसंचार क्षेत्र में लाई गई क्रांति का जनक बताया।
नवनिर्वाचित जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि “राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का जो सपना देखा था, वह साकार हुआ। उन्होंने पंचायतीराज व्यवस्था को मजबूत कर सत्ता के विकेंद्रीकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाया।”
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने राजीव गांधी को दूरसंचार क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि 1984 में उनकी पहल पर सेंटर फॉर डिवेलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) की स्थापना हुई, जिससे गांव-गांव तक संचार का जाल बिछा और एमटीएनएल जैसे संस्थानों ने भारत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शिता से गरीब और ग्रामीण बच्चों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना हुई, जो आज लाखों बच्चों के भविष्य को रोशन कर रहे हैं। साथ ही 1986 की राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने शिक्षा क्षेत्र में नए आयाम खोले।
नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन कर पंचायतों को अधिकार सम्पन्न बनाने के साथ युवाओं को मतदान का अधिकार दिया और भारत के लोकतंत्र को नई ताकत दी। भारत की एकता और अखंडता के लिए उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस मौके पर शिवानी थपलियाल मिश्रा, अमित चौहान, निनू सहगल, पार्षद अर्जुन सोनकर, वीरेंद्र बिष्ट, निखिल कुमार, प्रमोद गोप्ता, दीप बोहरा, अनूप कपूर, राम कपूर, अमिचंद सोनकर, अर्जुन रावत, सुरेश परचा, ओम प्रकाश, गुलशन कुमार, जहांगीर खान, राहुल शर्मा, सोम प्रकाश, शिव कुमार, ओमी यादव, प्रियंश छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।









