पति की रहस्यमयी मौत के बाद संपत्ति पर गिद्धों की नजर – अब महिला की जान लेने पर आमादा देवर-जे
सुरेंद्र सिंह चौहान, संवाददाता, भ्रष्टाचार का तहलका
जसपुर। (उधम सिंह नगर)। जसपुर के मोहल्ला छिपयान लकड़ी मंडी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ही देवर, जेठ और भतीजे पर उसके पति की रहस्यमयी मौत के बाद अब उसकी हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, कुछ समय पहले उसके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, उस वक्त वह अपनी बेटी के पास अमृतसर में थी। महिला का आरोप है कि उसके पति की मौत के पीछे भी उसके देवर और जेठ का ही हाथ था, जिन्होंने बाद में उसकी संपत्ति और इंश्योरेंस रकम हड़पने की योजना बनाई।
महिला ने बताया कि 27 अगस्त 2025 की रात करीब 11 बजे, उसके देवर सादिक हुसैन, राशिद हुसैन (पुत्रगण सईद अहमद) और भतीजे अमान ने घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह लहूलुहान हो गई। खून से लथपथ महिला ने किसी तरह 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल कराया और शिकायती पत्र भी लिया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके देवर ने धोखे से उसके पति के इंश्योरेंस में खुद को नॉमिनी बनवाया था और पति की मौत के बाद लाखों की रकम हड़प ली। यही नहीं, बैंक खाते से मोबाइल नंबर बदलवाकर पैसा भी निकाल लिया गया। अब महिला पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह जसपुर छोड़ दे, वरना “एक्सीडेंट” के नाम पर उसे मौत के घाट उतार दिया जाएगा।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी फर्जी वसीयत बनाकर शेष संपत्ति पर कब्जा जमाना चाहते हैं। महिला ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उसके या उसकी बेटी (जो बाहर पढ़ाई कर रही है) के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके जिम्मेदार केवल उसके देवर, जेठ और भतीजे होंगे।
चौंकाने वाली बात यह है कि शिकायत दर्ज होने और चार दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इससे पीड़िता और उसके परिजनों में गहरी नाराजगी और भय का माहौल है।









