ब्रेकिंग न्यूज़ :पति की रहस्यमयी मौत के बाद अब पत्नी पर जानलेवा हमलादेवर–जेठ बने हैवान, संपत्ति हड़पने की साजिश से थर्राया जसपुर
सुरेंद्र सिंह चौहान: जसपुर (उधम सिंह नगर)। जसपुर के मोहल्ला छिपयान लकड़ी मंडी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने सनसनीखेज खुलासा किया है कि उसके पति की कुछ समय पहले घर के ही सदस्यों ने रहस्यमयी परिस्थितियों में हत्या कर दी थी और अब वही लोग उसकी जान के पीछे पड़े हैं।
महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद देवर सादिक हुसैन, राशिद हुसैन (पुत्रगण सईद अहमद) और भतीजा अमान लगातार उसे संपत्ति से बेदखल करने के लिए मारपीट और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
27 अगस्त को हुआ जानलेवा हमला
घटना 27 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 11 बजे की है, जब पीड़िता घर पर अकेली थी। आरोप है कि देवर और भतीजे ने घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और गालियां दीं। महिला लहूलुहान हो गई और उसके मुंह व नाक से खून बहने लगा। घबराई महिला ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, बयान दर्ज किए और मेडिकल भी कराया गया, लेकिन अब तक आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इंश्योरेंस और बैंक खाते पर डाका
महिला ने बड़ा आरोप लगाया कि पति की मृत्यु से पहले उसके देवर ने दबाव बनाकर इंश्योरेंस पॉलिसी में खुद को नॉमिनी बनवा लिया था और पति की मौत के बाद लाखों की रकम हड़प ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बैंक खाते से भी मोबाइल नंबर बदलवाकर सारी रकम निकाल ली। अब फर्जी वसीयत तैयार कर शेष संपत्ति पर भी कब्जा करने की साजिश की जा रही है।
मौत की धमकी और खौफ
महिला का कहना है कि उसके देवर और जेठ लगातार धमकी दे रहे हैं कि अगर वह जसपुर नहीं छोड़ेगी तो उसका एक्सीडेंट करवा दिया जाएगा। यहां तक कि महिला की बेटी, जो बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है, उसकी जान को भी खतरा बताया गया है।
महिला ने कहा—
“अगर मेरी हत्या होती है तो इसके जिम्मेदार मेरे देवर, जेठ और भतीजे होंगे। पुलिस कार्रवाई करने की बजाय मुझ पर समझौते का दबाव बना रही है।”
पुलिस पर सवालिया निशान
मामले को सामने आए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। इससे पीड़िता और उसके परिजनों में गहरा आक्रोश है।








