काशीपुर, 13 जनवरी। उत्तराखंड प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर स्थित पैगा गांव पहुंचकर मृतक किसान सुखवंत सिंह के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत किसान के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
कृषि मंत्री ने शोकाकुल परिवार से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि इस प्रकरण को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं और स्वयं भी पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान परिवार को न्याय दिलाने के लिए किसी भी स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मृतक किसान के भाई परविंदर सिंह, पिता तेजा सिंह, हरजीत सिंह, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह, एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप, एसडीएम बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा, ओबीसी मोर्चा महामंत्री रविपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









