Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज़ :जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: गदरपुर में 1241 लोगों...

ब्रेकिंग न्यूज़ :जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: गदरपुर में 1241 लोगों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ

BKT News! गदरपुर। सरकार द्वारा संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकास खंड गदरपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदखेड़ा में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्याय पंचायत आनंदखेड़ा क्षेत्र की लगभग 16 ग्राम पंचायतों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर एवं उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने संयुक्त रूप से किया। बहुउद्देशीय शिविर में कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम जनता की समस्याओं का समाधान किया गया तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया गया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शिविरों के माध्यम से सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो। शिविर में जनता द्वारा सिंचाई, जलभराव, श्रम कार्ड तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतें रखी गईं, जिन पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में विद्युत, सिंचाई, पूर्ति, श्रम, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, कौशल विकास, ग्राम्य विकास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की समस्याएं सामने आईं, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई गई

शिविर में कुल 1241 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से सभी को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान 459 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 25 को संबंधित विभागों को भेजा गया। दो समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट के अंतर्गत 4.5 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई।

शिविर में 65 आधार कार्ड, 15 आयुष्मान कार्ड, 36 स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 10 जाति प्रमाण पत्र, 35 आय प्रमाण पत्र, 38 परिवार रजिस्टर नकल, 5 बीपीएल कार्ड, 5 मृत्यु प्रमाण पत्र, 3 यूसीसी, 6 एसईसीसी प्रमाण पत्र एवं 7 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों से 9200 रुपये की हस्तनिर्मित सामग्री की बिक्री हुई।
शिविर में आए एक दिव्यांग बच्चे गौरव का मौके पर ही विकलांग पेंशन हेतु निस्तारण किया गया। उसका दिव्यांगता प्रमाण पत्र 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत किया गया तथा तत्काल आय प्रमाण पत्र भी जारी किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा 10 बालिकाओं को साइकिल, 5 बालिकाओं को जूता-बैग, 5 को गणवेश तथा आरटीई के तहत 10 छात्र-छात्राओं को चेक वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा 50 ई-श्रम कार्ड भी वितरित किए गए।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख गदरपुर ज्योति ग्रोवर, कनिष्ठ प्रमुख रीमा, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, प्रधान सुमंगल, राजेश बजाज, पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह, खंड विकास अधिकारी आतिया परवीन, ईई विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, एबीडीओ हेम कांडपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here