दिलीप अरोरा की रिपोर्ट
किच्छा कोतवाली क्षेत्र में ऑटो चालकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ऑटो चालक खुलेआम नियमों को ठेंगा दिखाते नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह कि यह सब कुछ कोतवाली के सामने ही हो रहा है, जहां से ऑटो चालक बेखौफ डग्गामारी
अधिक जानकारी के लिए यह वीडियो देखें………
करते हुए निकल जाते हैं। कुछ दिन पहले किच्छा कोतवाली द्वारा ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को उनके निर्धारित स्थानों से ही संचालन करने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके लिए शहर में ई-रिक्शा के माध्यम से एलाऊंस भी करवाया गया था, ताकि सभी चालकों को स्पष्ट सूचना मिल सके कि किसी भी प्रकार की डग्गामारी या अवैध स्थानों से सवारी चुनना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
इसके बावजूद ऑटो चालकों पर इन निर्देशों का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।
रेलवे स्टेशन—जहां से ऑटो संचालन की अनुमति नहीं है—वहीं से ऑटो चालक जमकर डग्गामारी कर रहे हैं। वहाँ से सवारी उठाकर वे मैन बाजार की ओर शोरगुल करते हुए निकलते हैं। स्थिति यह है कि मानो ऑटो चालकों को कानून व पुलिस प्रशासन का कोई डर ही न रह गया हो। इससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनमानी कर रहे ऐसे ऑटो चालकों पर कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुधर सके और जनता को राहत मिल सके।
समाज सेवी व पत्रकार दिलीप अरोरा ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे स्टेशन और मैन बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर डग्गामारी पर तुरंत रोक लगाई जाए।









