आजाद नगर वार्ड में दूषित पानी से हाहाकार, नगर पंचायत ने दुग्ध संघ को चेताया
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के आजाद नगर वार्ड नंबर–4 में नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा नाले में बहाए जा रहे दूषित एवं केमिकल युक्त पानी से क्षेत्रवासियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नाले के माध्यम से वार्ड में फैल रहे इस गंदे पानी से जहां दुर्गंध फैल रही है, वहीं जलजनित बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर वार्ड सभासद शबनम ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी को पत्र भेजकर दुग्ध संघ से निकलने वाले गंदे पानी के समुचित निस्तारण की मांग की है। सभासद शबनम ने पत्र में बताया कि लंबे समय से यह दूषित पानी नाले के जरिये रिहायशी इलाके में फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने बताया कि इससे पूर्व 28 अगस्त को भी नैनीताल दुग्ध संघ को पत्र भेजकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सभासद द्वारा पुनः पत्र भेजे जाने से स्पष्ट है कि समस्या जस की तस बनी हुई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है और शासन-प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को इसमें शामिल कर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान कर क्षेत्रवासियों को गंदे पानी और संभावित बीमारियों से राहत दिलाई जाएगी।









