पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ग्रामीणों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
किच्छा । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उधम सिंह नगर के तत्वावधान में शांतिपुरी-किच्छा खनन क्षेत्र के आसपास वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला खान अधिकारी मनीष परिहार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान ग्राम प्रधान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने क्षेत्र को हरा-भरा बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान खनन क्षेत्र के आसपास हरियाली बढ़ाने, भूमि संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से पौधरोपण किया गया। ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस विशेष अभियान ने लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शांतिपुरी-किच्छा खनन क्षेत्र में पौधरोपण करते जिला खान अधिकारी मनीष परिहार, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण









