Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज़ लालपुर चौकी के सामने से बेखौफ गुजर रहे ओवरलोड ट्रक,...

ब्रेकिंग न्यूज़ लालपुर चौकी के सामने से बेखौफ गुजर रहे ओवरलोड ट्रक, कार्रवाई पर उठे सवाल

भ्रष्टाचार का तहलका, संवाददाता किच्छा।  लालपुर पुलिस चौकी के सामने से प्रतिदिन दर्जनों ओवरलोड और ओवर हाइट वाहन खुलेआम गुजर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। भूसी, बकास, लकड़ी और खनन सामग्री से लदे भारी वाहन रुद्रपुर से किच्छा तक हाईवे पर नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे हैं। लोक मानव विकास समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष बलदेव सिंह ने कहा कि परिवहन विभाग और संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह खेल लगातार फल-फूल रहा है। कार्रवाई सिर्फ दोपहिया वाहन चालकों पर दिखाई देती है। जगह-जगह फोटो खींचकर चालान किए जा रहे हैं, लेकिन ओवरलोड ट्रकों पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा। सवाल उठ रहा है कि आखिर सड़क हादसों का खतरा बढ़ाने वाले इन भारी वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती? स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय सबसे अधिक संख्या में भूसी, बकास और लकड़ी से भरे ओवर हाइट ट्रक गुजरते हैं। कई वाहनों में क्षमता से कहीं अधिक सामान भरा होता है, जिससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा बना रहता है। इसके बावजूद परिवहन विभाग के सचल दल और रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों का दावा है कि ओवरलोड वाहनों से कथित “मासिक एंट्री” के नाम पर वसूली का खेल चल रहा है। आरोप है कि एंट्री देने के बाद इन वाहनों को बिना रोक-टोक हाईवे पर दौड़ने दिया जाता है। यही वजह है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई जमीन पर दिखाई नहीं दे रही।

बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर कई शिकायतें सीएम पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन उसके बाद भी किच्छा आरटीओ विभाग के अधिकारी गंभीर नजर नहीं आ रहे। जनता अब सवाल पूछ रही है कि क्या नियम सिर्फ आम लोगों के लिए हैं और बड़े ओवरलोड वाहन संचालकों को खुली छूट दी गई है?

संस्था अध्यक्ष बलदेव सिंह ने प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस से संयुक्त अभियान चलाकर ओवरलोड व ओवर हाइट वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here