बलदेब सिंह: भ्रष्टाचार का तहलका न्यूज़
किच्छा नगर में बिना अनुमति लगाए जा रहे मंगलवार बाजार को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। व्यापारियों का आरोप है कि किच्छा हाट बाजार में पहले से ही सोमवार और शुक्रवार को दो नियमित बाजार संचालित होते हैं, लेकिन बीते कुछ समय से साप्ताहिक अवकाश के दिन मंगलवार को एक तीसरा बाजार अवैध रूप से लगाया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस तथाकथित मंगलवार बाजार में उत्तर प्रदेश एवं अन्य बाहरी क्षेत्रों से लोग आकर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के सड़क किनारे और निजी स्थानों पर दुकानें सजा रहे हैं। बाजार में दुकानदारों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार बाहरी लोग मनमाने और अनियंत्रित दामों पर सामान बेच रहे हैं, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। वहीं बाजार के बाहर सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से टुक-टुक और अन्य वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि मंगलवार बाजार लगने के बाद क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे व्यापारी और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी किच्छा को ज्ञापन सौंपते हुए साप्ताहिक अवकाश के दिन अवैध रूप से लगाए जा रहे तीसरे बाजार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना अनुमति और बिना सत्यापन के संचालित इस बाजार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की कानून व्यवस्था, यातायात और व्यापारिक संतुलन बना रह सके। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।









