Home Uncategorized ब्रेकिंग न्यूज़ : तीर्थनगरी में एमआरपी से ऊपर वसूली पर बवाल, लोक...

ब्रेकिंग न्यूज़ : तीर्थनगरी में एमआरपी से ऊपर वसूली पर बवाल, लोक जनशक्ति पार्टी ने सीएम पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

57
0

हरिद्वार/रामनगर। उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटक एवं तीर्थ स्थलों हरिद्वार और रामनगर (गर्जिया मंदिर) में दुकानदारों द्वारा खाद्य सामग्री एमआरपी से अधिक दामों पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ऊधम सिंह नगर के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि हरिद्वार जैसे देवस्थान पर जहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन एवं भ्रमण के लिए आते हैं, वहीं दुकानदार खुलेआम लूट कर रहे हैं। उन्होंने स्वयं दुकानों पर जाकर जांच की, जहां ₹20 एमआरपी वाली पानी की बोतल ₹30 में बेची जा रही थी और ₹30 से कम में देने से दुकानदारों ने साफ इनकार कर दिया। यही स्थिति रामनगर स्थित गर्जिया मंदिर क्षेत्र की है, जहां ₹10 एमआरपी वाला बिस्किट का पैकेट ₹15 में बेचा जा रहा है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह सीधी-सीधी जनता और श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी है। इस महंगाई और लूट-खसोट को लेकर पार्टी जिला कार्यालय में बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। सुरेंद्र सिंह चौहान ने आशा जताई कि माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसे दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देंगे, जो एमआरपी से अधिक दामों पर सामान बेच रहे हैं। उन्होंने जांच अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए यह भी आग्रह किया कि जांच प्रक्रिया में लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को सम्मिलित किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जांच में पूरा सहयोग करेगी। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रदेश सचिव श्रवण कुमार जैन, जिला उपाध्यक्ष उमेश कुमार कश्यप सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here