BKT NEWS! रुद्रपुर। महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह जी के जन्म दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, ओसी गौरव पाण्डेय एवं डॉ. बलवीर सिंह ने शहीद उधम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिला कार्यालय में शहीद उधम सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि शहीद उधम सिंह सहित देश के वीर शहीदों की कुर्बानी और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्हीं के त्याग और संघर्ष के कारण आज देशवासी स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और युवाओं को शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए देश व समाज को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि शहीद उधम सिंह एक महान क्रांतिकारी थे। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेकर अपने जनपद को सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीद के नाम पर बने इस जिले को विकास के प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीद उधम सिंह के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।









